दिल्ली/शिलांग: रिकी ए.जे. सिंगकोन का गुरुवार शाम अचानक निधन हो गया। वे फुटबॉल खेलते समय मैदान पर गिर पड़े थे। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मेडिकल टीम के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात करीब 8:42 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, सिंगकोन मावलाई मावियोंग के खेल मैदान में अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। मैच के दौरान वे अचानक मैदान पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें मावियोंग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पहुंचाया, ताकि आपातकालीन चिकित्सा सहायता मिल सके।
हालांकि, CHC में उस समय डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें शिलांग स्थित Dr. H. Gordon Roberts Hospital में एडवांस इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
सिंगकोन के निधन की खबर से मेघालय के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है। विभिन्न दलों के नेताओं और समर्थकों ने उनके आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया है।

