आगरा: ताजमहल देखने आए 70 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी महिला पर्यटक लीला पिल्लई अपने 24 सदस्यीय समूह से बिछड़ गईं, लेकिन ताज सुरक्षा पुलिस और टूरिज़्म पुलिस की तत्पर कार्रवाई से वे अपने समूह के साथ सुरक्षित पुनर्मिलन कर गईं।
सूत्रों के अनुसार, पर्यटक समूह ने ताजमहल का दौरा करने के बाद महिला पर्यटक गलती से पश्चिमी निकास द्वार से बाहर निकल गईं, जबकि बाकी सदस्य पूर्वी द्वार से बाहर गए। महिला अकेले पश्चिमी पार्किंग क्षेत्र में अपने समूह के साथियों को ढूंढती रहीं। उनके समूह ने पूर्वी द्वार पर काफी देर तक प्रतीक्षा की।
घटना की जानकारी Quick Response Team, थाना ताज सुरक्षा को दी गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के निर्देशन में उप निरीक्षक शिवराज सिंह और टूरिज़्म पुलिस के उपनिरीक्षक अजय कुमार की टीम महिला पर्यटक और उनके समूह को ढूंढने में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और RT सेट संदेश के माध्यम से खोज की गई।
करीब 30 मिनट के भीतर महिला पर्यटक के समूह के सदस्य पूर्वी द्वार पर खोज लिए गए और महिला को सुरक्षित रूप से उनके साथ मिलाया गया। समूह से मिलने पर महिला पर्यटक भावुक हो गईं और उन्होंने आगरा पुलिस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक नेपाल सिंह, आरक्षी शैलेंद्र कुमार, महिला आरक्षी अनुपम, टूरिज़्म पुलिस से उप निरीक्षक अजय कुमार और कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल थे।

