मार्च के पहले सप्ताह में दादरी में होगी अखिलेश यादव की विशाल पीडीए भाईचारा रैली
ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र ग्रेटर नोएडा से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है। दादरी विधानसभा क्षेत्र में मार्च के पहले सप्ताह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक विशाल पीडीए भाईचारा रैली को संबोधित करेंगे।
इस रैली में प्रदेश के करीब 142 विधानसभा क्षेत्रों से गुर्जर समाज के प्रमुख नेता शामिल होंगे। रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को ग्रेटर नोएडा के सफीपुर गांव में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें 30 जिलों के लगभग 135 विधानसभा क्षेत्रों से गुर्जर समाज के प्रभावशाली लोगों ने भाग लिया।

गुर्जर समाज को साधने की रणनीति के तहत इस रैली को बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश सरकार ने जाति के नाम पर रैलियों और सम्मेलनों पर रोक लगा दी थी। उस समय समाजवादी पार्टी द्वारा गुर्जर सम्मेलन आयोजित किए जा रहे थे। सरकारी रोक के बाद पार्टी ने इन आयोजनों को पीडीए भाईचारा रैली का नाम दिया।

समाजवादी पार्टी गुर्जर बहुल क्षेत्रों में लगातार ऐसे सम्मेलन आयोजित कर समाज के लोगों को अपने पक्ष में जोड़ने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं रैली के संयोजक राजकुमार भाटी ने कहा कि सरकार समाजवादी पार्टी के बढ़ते जनाधार से घबरा गई है, इसी कारण जातियों के नाम से होने वाली रैलियों, सम्मेलनों और बैठकों पर प्रतिबंध लगाया गया।
उन्होंने दावा किया कि पीडीए भाईचारा रैली के जरिए समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे का संदेश लेकर जनता के बीच जाएगी और आने वाले चुनावों में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।

