मथुरा। नए साल के मौके पर मथुरा में प्रस्तावित बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी के एक कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के साधु-संतों और धार्मिक संगठनों ने इस आयोजन पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे मथुरा की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है।
साधु-संतों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम को तत्काल रद्द कराने की मांग की है। साथ ही आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। संतों का कहना है कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी है और यहां इस तरह के कार्यक्रमों से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
विरोध कर रहे संतों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने कार्यक्रम रद्द नहीं किया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुमति देते समय उसकी गरिमा और परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर मामले की गंभीरता से समीक्षा किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, कार्यक्रम के आयोजकों की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

