तीन ऑपरेशन के बाद भी हार नहीं मानी, आगरा के स्वास्तिक हॉस्पिटल में हाई-रिस्क मरीज की सफल सर्जरी
आगरा : शहर के शहीद नगर स्थित स्वास्तिक हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने एक हाई-रिस्क महिला मरीज का सफल ऑपरेशन कर 35×35 सेंटीमीटर का विशाल ओवेरियन सिस्ट निकालकर उसकी जान बचाई। यह सर्जरी काफी जटिल मानी जा रही थी, लेकिन चिकित्सकों की सतर्कता और अनुभव के कारण ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इस जटिल सर्जरी को स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना जैन (एमएस, ओबीजी सर्जन) ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. अंकित जैन (एमडी, एनेस्थीसिया) ने संभाली।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर थी और उसे हाई-रिस्क श्रेणी में रखा गया था। खास बात यह भी रही कि मरीज के पहले तीन ऑपरेशन हो चुके थे, जिससे यह सर्जरी और भी चुनौतीपूर्ण हो गई थी। बावजूद इसके डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर सिस्ट को सफलतापूर्वक निकाल दिया।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। इस दौरान अस्पताल के सहायक दिनेश सहित चिकित्सा टीम के अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
मरीज और उसके तीमारदारों ने सफल उपचार के लिए चिकित्सकों और अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इतने बड़े ओवेरियन सिस्ट की सर्जरी करना चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

