जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष Farooq Abdullah पर बुधवार देर रात कथित तौर पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। घटना को लेकर उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है।
उमर अब्दुल्ला ने अपने पोस्ट में लिखा कि “अल्लाह रहमदिल है। मेरे पिता एक बहुत बड़े खतरे से बाल-बाल बच गए।” उन्होंने बताया कि अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर उनके पिता के बेहद करीब पहुंच गया था और उसने नजदीक से गोली चला दी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, क्लोज प्रोटेक्शन टीम की सतर्कता की वजह से गोली का रुख मोड़ दिया गया और संभावित हत्या की कोशिश नाकाम हो गई।
उमर अब्दुल्ला ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समय सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेड प्लस और एनएसजी सुरक्षा में रहने वाले एक पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई व्यक्ति आखिर कैसे पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, Farooq Abdullah बुधवार रात जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित होटल रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री Surinder Choudhary समेत कई राजनीतिक नेता भी मौजूद थे।
इसी दौरान एक व्यक्ति चुपचाप उनके पास पहुंच गया और गोली चला दी। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया और वह सुरक्षित बच गए।

