आगरा। ताजमहल भ्रमण के दौरान खोया महिला बैग ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंच गया। त्वरित कार्रवाई से प्रभावित पर्यटकों ने आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के औरंगाबाद से ताजमहल देखने आए पर्यटक हफीज़ खान अपने परिवार के साथ पश्चिमी प्रवेश द्वार स्थित टिकट विंडो के पास बेंच पर दो महिला बैग भूलकर चले गए। बैग में नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
बैग लावारिस मिलने की सूचना पश्चिमी प्रवेश द्वार पर तैनात ताज सुरक्षा थाना की क्विक रिस्पॉन्स टीम को दी गई। सूचना मिलते ही टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट संदेशों की सहायता से पर्यटकों का पता लगाया गया।
पर्यटकों की पहचान होने के बाद दोनों बैग सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिए गए। अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर पर्यटकों ने ताज सुरक्षा पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अभियान में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु एवं महिला आरक्षी शिखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ताज सुरक्षा पुलिस का ‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद अनुभव प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रभावी साबित हो रहा है।

