कनिष्ठ वर्ग के नन्हे सितारों ने बिखेरी खुशियों की चमक
आगरा। डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में क्रिसमस एवं नववर्ष के उपलक्ष्य में कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भव्य क्रिसमस कार्निवल का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक क्रिसमस ट्री और चमचमाती झालरों से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का उल्लास दिखाई दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष रूप से फूड स्टॉल, गेम स्टॉल, संगीत व नृत्य, थ्रो द रिंग, बैलून शूटिंग और हॉर्स राइडिंग की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए. के. सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास और छुपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, करुणा और साझा करने का संदेश देता है। नन्हे बच्चों के चेहरों की मुस्कान ही विद्यालय की वास्तविक सफलता है। हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण देना है जहाँ बच्चों की रचनात्मकता विकसित हो सके। आने वाले नए वर्ष में हमारे विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ें, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनें। खेल और मनोरंजन बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य राखी जैन ने सभी को क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक कौशल, सहयोग की भावना और टीम वर्क का विकास होता है। यह उत्सव बच्चों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के अंत में सांता क्लॉज ने बच्चों को उपहार और मिठाइयाँ वितरित कीं, जिससे पूरा परिसर बच्चों की खिलखिलाहट और जिंगल बेल्स की मधुर धुनों से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, पूजा यादव, दीपा शर्मा सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक-स्टाफ उपस्थित रहा।

