Times of TAJ | आगरा
लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी, समाजवाद और जनआंदोलनों के अमर प्रतीक लोकबंधु राजनारायण जी की पुण्यतिथि समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, फतेहाबाद रोड, आगरा में श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की। जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकबंधु राजनारायण जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा और जनसंघर्ष का जीवंत प्रतीक थे। आपातकाल के काले दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका निर्भीक संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि वर्ष 1977 में रायबरेली से इंदिरा गांधी को पराजित कर लोकबंधु राजनारायण जी ने यह सिद्ध कर दिया कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है। उनके विचार और जीवन-दर्शन आज भी हमें न्याय, समानता और समाजवाद के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकबंधु जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए 2027 में लोककल्याणकारी सरकार बनाने के संकल्प के साथ निरंतर संघर्षरत रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकबंधु राजनारायण जी के सपनों के भारत—समतामूलक, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक समाज—के निर्माण के लिए सदैव संघर्षरत रहने का प्रण लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पवन प्रजापति, संतोष पाल, कादिर कुरैशी, राजेश वर्मा, चिराग तोमर, सोमेश गुप्ता, आदिल मिर्ज़ा, मानवेन्द्र सिंह, असलम वारसी, विपिन यादव, विनोद श्रोतिया, सलमान खान, राजीव सविता, अतुल सविता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

