14 दिसंबर को होगा 17वें प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान
लखनऊ,भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष का बहुप्रतीक्षित चुनाव शनिवार और रविवार को आयोजित किया जाएगा। चुनाव को लेकर शुक्रवार को मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें कुल 464 मतदाता शामिल हैं। इनमें पांच सांसद, 26 विधायक, आठ विधान परिषद सदस्य तथा 425 प्रांतीय परिषद सदस्य और जिला अध्यक्ष शामिल हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की निगरानी में शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नामांकन के साथ ही यह लगभग स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा को 17वां प्रदेश अध्यक्ष कौन मिलने जा रहा है। अंतिम घोषणा 14 दिसंबर, रविवार को की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम जारी
प्रदेश संगठन के चुनाव अधिकारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि
-
13 दिसंबर (शनिवार):
-
दोपहर 2 से 3 बजे तक नामांकन दाखिल
-
3 से 4 बजे तक नामांकन की जांच
-
4 से 5 बजे तक नामांकन वापसी
-
यह प्रक्रिया भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संपन्न होगी।
यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 14 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। चुनाव और परिणाम की घोषणा केंद्रीय चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। रविवार को चुनाव प्रक्रिया डा. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर स्थित डा. आंबेडकर सभागार में होगी।
बीएल संतोष का अचानक दौरा, संगठन में हलचल
चुनाव से ठीक पहले पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष शुक्रवार को अचानक लखनऊ पहुंचे। उन्होंने संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इसके बाद वे रात में ही दिल्ली लौट गए। इस दौरे को प्रदेश अध्यक्ष के चयन से जोड़कर देखा जा रहा है।
ओबीसी चेहरे पर दांव संभव
पंचायत चुनाव 2026 और विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा उत्तर प्रदेश में ओबीसी चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इसे विपक्ष के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले की काट के रूप में देखा जा रहा है।
दावेदारों के नाम चर्चा में
प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में प्रमुख नामों में—
-
पंकज चौधरी (केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री, सांसद महाराजगंज, कुर्मी समाज)
-
बीएल वर्मा (राज्यसभा सांसद, लोध बिरादरी)
-
बाबूराम निषाद (राज्यसभा सांसद)
-
धर्मपाल सिंह (पशुधन मंत्री)
-
अमर पाल मौर्य (प्रदेश महामंत्री)
-
साध्वी निरंजन ज्योति
दलित चेहरों में विनोद सोनकर, विद्यासागर सोनकर और जुगल किशोर के नाम भी चर्चा में हैं।
मेगा इवेंट की तैयारी
राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने शुक्रवार शाम दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की।
-
शनिवार की जिम्मेदारी:
-
केशव प्रसाद मौर्य
-
प्रदेश महामंत्री संजय राय
-
-
रविवार की जिम्मेदारी:
-
ब्रजेश पाठक
-
प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला
-
रविवार को केंद्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों सहित करीब 3500 पदाधिकारियों के शामिल होने का अनुमान है। भाजपा इसे मेगा इवेंट के रूप में आयोजित करने की तैयारी में जुटी है।

