श्रीकृष्ण–सुदामा की अमर मित्रता से महकी सातवें दिन की विश्राम कथा
रुक्मणि हरण और दिव्य विवाह प्रसंग ने किया कावेरी कौस्तुम्भ में भक्तों को भावविभोर
आगरा। कावेरी कौस्तुम्भ, भावना एस्टेट में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के सातवें एवं समापन दिवस पर कथा स्थल भक्तिरस, भावनाओं और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। जहाँ रुक्मणि हरण और दिव्य विवाह का अलौकिक वर्णन श्रवण कर श्रद्धालु आनंदित हुए, वहीं श्रीकृष्ण–सुदामा की अद्वितीय मित्रता लीला ने हर हृदय को भावुक कर दिया।

कथा व्यास भागवत रत्न से अलंकृत मोहित स्वरूप आचार्य (वृंदावन) ने रुक्मणि हरण, श्रीकृष्ण–रुक्मणि विवाह तथा श्रीकृष्ण–सुदामा की चिरकालीन मित्रता का अद्भुत वर्णन करते हुए भावपूर्ण शैली में बताया कि रुक्मणि जी परम भक्ति और समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं। शिशुपाल से विवाह के प्रयासों के बीच रुक्मणि ने श्रीकृष्ण को पत्र लिखकर अपनी व्यथा और भक्ति व्यक्त की।
जब कथा में “रुक्मणि हरण” का प्रसंग आया, पूरा वातावरण “जय कन्हैया लाल की” से गुंजायमान हो उठा। आचार्य ने बताया कि यह घटना केवल पराक्रम नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम, समर्पण और धर्म की विजय का सजीव उदाहरण है। इसके बाद श्रीकृष्ण–रुक्मणि विवाह का दिव्य वर्णन श्रद्धालुओं को आनंद एवं उत्सव के भाव में ले गया।
कथा के सबसे भावनात्मक क्षण तब आए जब आचार्य ने श्रीकृष्ण–सुदामा की अद्वितीय मित्रता का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह मित्रता संसार को सिखाती है कि हृदय का प्रेम ही संबंधों का वास्तविक आधार है। न धन की आवश्यकता, न पद की—सिर्फ सच्चे भाव की ज़रूरत होती है।
जब सुदामा अपनी झोली में चावल लेकर द्वारिका पहुँचे और श्रीकृष्ण ने उन्हें सिंहासन से उतरकर गले लगा लिया, तो कथा पंडाल में उपस्थित भक्तगण भाव-विभोर हो उठे। कई श्रद्धालुओं की आँखों से आँसू झलक आए और वातावरण में सच्ची मित्रता की पवित्रता गूँज उठी।
आचार्य ने कहा कि सुदामा की झोली में रखा चावल जितना कम था, उतनी ही गहरी थी उनकी श्रद्धा। और भगवान प्रेम को पहचानते हैं, उपहार को नहीं। मित्रता का सबसे बड़ा धर्म है—साथ निभाना, चाहे परिस्थितियाँ कैसी भी हों।
इस अवसर पर भजन, संकीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ विश्राम कथा का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य संदेश प्राप्त किया।
कार्यक्रम में परीक्षित राजा रमाशंकर शर्मा और बृजबाला शर्मा ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विश्वास शर्मा ने बताया कि बुधवार को हवन की पूर्णाहुति एवं प्रसादी के साथ आयोजन का समापन होगा।
इस अवसर अनीशा शर्मा, अमित शर्मा, श्रद्धा शर्मा, मौली शर्मा, सुहानी शर्मा, एकाग्र वशिष्ठ, लावण्या वशिष्ठ, संजय गोयल, नरेश सिंह, नरेंद्र गुप्ता, विजय बंसल, सिद्धार्थ गोयल, अलका गोयल, सोनाली, संतोष अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, गजेंद्र सिंह, रघु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, डॉ जेपी यादव, ऋषि खंडेलवाल, विजय अग्रवाल, अखिलेश दुबे, संजीव लूथरा, संदीप लूथरा आदि ने व्यवस्था संभाली।

