आगरा: दोहा, कतर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन और मुशायरे में ताज नगरी आगरा का नाम चमक उठा। हास्य और व्यंग्य के मशहूर कवि पवन आगरी ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से श्रोताओं को खूब लुभाया।
पिछले 30 वर्षों में लगभग तीन हजार स्टेज शो कर चुके पवन आगरी को अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी हास्य-व्यंग्यपूर्ण रचनाओं को मॉरीशस, मलेशिया, थाईलैंड, सिंगापुर और दुबई जैसे देशों में बेहद सराहा गया।
अपनी 11वीं विदेश यात्रा के दौरान, कतर के पाँच सितारा होटल में विशेष आमंत्रित श्रोताओं के समक्ष, पवन आगरी ने अपनी हाज़िरजवाबी और हास्यपूर्ण रचनाओं से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस मुशायरे का आयोजन पहली बार कतर प्रीमियर लीग के चेयरमैन सिराज अंसारी और तलाश संस्था के राजवीर राज ने किया। विश्वभर के प्रसिद्ध शायरों की उपस्थिति ने इसे और भी प्रतिष्ठित बनाया। पवन आगरी ने इस मंच पर अपनी प्रतिभा साबित कर ताज नगरी का मान बढ़ाया।

