शहर के नौ स्थानों पर विशेष कैंप, 34 लाख से अधिक बकाया वसूला
आगरा। टोरंट पावर ने उपभोक्ता हित में बड़ी पहल करते हुए बिजली बिल राहत योजना की शुरुआत की है, जिसे उपभोक्ताओं का भारी समर्थन मिल रहा है। 1 दिसंबर से शुरू इस योजना के तहत पुराने बकायों पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी दी जा रही है, साथ ही मूलधन पर भी विशेष छूट प्रदान की जा रही है। शहर के नौ स्थानों—तीन ग्राहक सेवा केंद्रों और छह कलेक्शन सेंटरों—पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विशेष कैंप लगाए गए हैं।

टोरंट पावर के अनुसार अब तक 123 उपभोक्ता योजना में पंजीकरण कर चुके हैं, जबकि 34 लाख रुपये से अधिक बकाया राशि की वसूली की जा चुकी है। कंपनी का कहना है कि यह योजना खासतौर से उन उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है, जिनके बिल वर्षों से लंबित थे। पहली बार कंपनी ने मूलधन में भी राहत प्रदान करने का निर्णय लिया है।
विशेष टीम कर रही है निगरानी
राहत शिविरों के सुचारू संचालन के लिए टोरंट पावर ने एक विशेष टीम तैनात की है, जो प्रत्येक उपभोक्ता का विवरण दर्ज कर रही है और उन्हें पूरी योजना के लाभों की जानकारी दे रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग से हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
कंपनी का कहना है कि जब तक यह योजना संचालित रहेगी, उपभोक्ताओं को पूरी सहायता प्रदान की जाएगी। कंपनी ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बकाया बिल समाप्त करें।
उपभोक्ता सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
टोरंट पावर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं को राहत और सुविधा प्रदान करना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और कंपनी इसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

