कंपित सूत मिल का मलबा हटाने से लेकर जाम, अतिक्रमण और जीएसटी उत्पीड़न तक मुद्दों पर चर्चा
फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के व्यापारियों और उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
व्यापारियों ने कंपित सूत मिल को शीघ्र ध्वस्त कर उसका मलबा तत्काल हटाने की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से अवगत कराने के निर्देश दिए।
खिमसेपुर क्षेत्र में उद्योगों के लिए निर्धारित प्लॉटों का आकार छोटा करने की मांग भी उठाई गई, ताकि छोटे उद्यमी भी उन्हें खरीद सकें। उद्योगों को ऋण देने में बैंकों द्वारा सहयोग न करने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। इस पर आवश्यक निर्देश दिए गए, हालांकि बैठक में बैंक प्रतिनिधि उपस्थित नहीं थे।
बैठक में पलरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण की समस्या पर भी चर्चा हुई। महादेव वर्मा की मूर्ति के निकट दो ट्रांसफार्मर अनुचित रूप से लगाए जाने पर व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। पटेल पार्क और सड़क के मध्य अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया।
शहर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बजरिया मार्ग से पक्का पुल सब्जी मंडी तक जाम की स्थिति, तिकोना पुलिस चौकी से बस अड्डा तक प्रतिदिन लगने वाले जाम से व्यापार प्रभावित होने की बात कही गई। काली देवी मंदिर मदारबाड़ी से तिकोना पुलिस चौकी तक विद्युत पोल शिफ्टिंग का अनुरोध भी किया गया।
खुले नालों में गिरकर लोगों के घायल होने की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए व्यापारियों ने कहा कि लाल गेट से पांचाल घाट तक दो स्थानों पर नालों में गिरने की घटनाओं के बावजूद अब तक कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।
जीएसटी अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न तथा विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए नए स्मार्ट मीटर के बाद बिल उपलब्ध न कराए जाने की समस्या भी बैठक में रखी गई।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

