“विदाई से पहले जापान दौरा, 9 साल में सिर्फ मोबाइल कवर”
कन्नौज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने शनिवार को कन्नौज दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा और व्यंग्यात्मक प्रहार किया। वह तिर्वा के खैरनगर रोड स्थित शिव सिंह यादव के आवास पर उनके पिता लक्ष्मीनारायण यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
श्रद्धांजलि के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने मुख्यमंत्री के जापान दौरे पर तंज कसते हुए कहा, “आमतौर पर लोग विदाई के बाद विदेश जाते हैं, लेकिन ये पहले मुख्यमंत्री हैं जो विदाई से पहले ही जापान चले गए।” उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
जर्मनी दौरे पर भी साधा निशाना
बिना नाम लिए उपमुख्यमंत्री के जर्मनी दौरे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “इन लोगों में आपसी तालमेल नहीं है। कोई पूर्व में जा रहा है, कोई पश्चिम में।” उन्होंने व्यंग्य किया कि जो जर्मनी गए, वे मर्सिडीज म्यूजियम तक नहीं गए, जबकि यहां मर्सिडीज को स्टेटस सिंबल माना जाता है।
“9 साल में क्या मिला? सिर्फ मोबाइल कवर”
अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 11 साल की केंद्र और 9 साल की प्रदेश सरकार देश को क्या दे पाई?
“अगर सही काम हुआ होता तो मोबाइल के कैमरे और ग्लास गार्ड भी देश में बन रहे होते, लेकिन हम सिर्फ मोबाइल का कवर बना पाए।”
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार ने उन्हें सिर्फ “सेल्फी लेने” की आदत सिखा दी है, जबकि रोजगार के अवसर घटते जा रहे हैं।
हाई स्पीड ट्रेन पर तंज़
जापान की हाई स्पीड ट्रेन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “ट्रेन में बैठकर उंगली दिखा रहे थे, शायद इशारा था कि हम 500 की स्पीड से ट्रेन नहीं चला पाएंगे।”
शंकराचार्य प्रकरण और न्यायपालिका पर भरोसा
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के मामले में अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। “ये किसी भी सीमा तक गिर सकते हैं।”
केजरीवाल और लोकतंत्र
उन्होंने कहा कि Arvind Kejriwal पर मुकदमे लगाकर उनकी सरकार छीनी गई, जो नैतिकता के खिलाफ है। अदालत के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी है।
स्थानीय मुद्दों पर भी उठाई आवाज़
अखिलेश ने बिजली की महंगाई, अस्पतालों की बदहाल स्थिति, कैंसर संस्थानों की दुर्दशा और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट के बंद होने का मुद्दा उठाया।
लखनऊ स्थित जय प्रकाश नारायण स्मारक (जेपीएनआईसी) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे जानबूझकर उपेक्षित किया गया, लेकिन अब हालात बदलने वाले हैं।
अखिलेश यादव के इस बयान से कन्नौज की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो

