मौरंग और पैसों के विवाद में गई थी उदय प्रताप की जान
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नवादा सिरौली में 24 फरवरी को मौरंग डालने और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान उदय प्रताप उर्फ ‘नन्हे’ को लाठी से चोट लगी थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धर्मवीर और उसके बेटे कुनाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की है।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने वादिनी की जमीन पर मौरंग डालने और मजदूरी के पैसों को लेकर गाली-गलौज की थी। जब वादिनी के पुत्र उदय प्रताप ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी धर्मवीर ने बताया कि उसके द्वारा डाली गई मौरंग को हटाने और मजदूरी का भुगतान कराने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान उसने उदय प्रताप के सिर पर डंडा मार दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो

