टाउन हॉल तिराहे पर लाउडस्पीकर से जागरूकता, पीस कमेटी की बैठकों का दौर
फर्रुखाबाद। आगामी होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में थाना प्रभारी अजब सिंह ने टाउन हॉल तिराहे पर लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया।
थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी को जबरन रंग न लगाएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
होली और रमजान एक साथ होने के कारण पुलिस विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लगातार पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस ने ग्रामीणों और नगरवासियों से होली और ईद मिल-जुलकर मनाने का आह्वान किया है।
इसी कड़ी में शनिवार को थाना मऊदरवाज़ा परिसर में थाना प्रभारी अजब सिंह के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी समुदायों के लोगों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बैठक में प्रधान मुबीन खां, योगेंद्र, भोले टोटूरू, सभासद रावेश मिश्रा, सभासद दीपक शाक्य, वकील वारसी, राजू और धर्मेंद्र सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो

