लखनऊ। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षाएं आज 9 फरवरी से शुरू हो गई हैं, जो 14 फरवरी तक चलेंगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी व्यवस्था की गई है।
लखनऊ जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिले के 48 मदरसों के 2105 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा की निगरानी की जा रही है।
परीक्षा संचालन को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन सतर्क है। केंद्रों पर उड़नदस्ते भी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
लखनऊ का प्रसिद्ध मदरसा सुल्तानुल मदारिस इस वर्ष का प्रमुख परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

