14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में ऋषभ रिखीराम शर्मा और जैस्मीन सैंडलास की प्रस्तुति, ड्रोन शो और आतिशबाजी होंगे आकर्षण
लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का औपचारिक शंखनाद सोमवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने लीग के उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए।

14 अगस्त को होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह में देश के प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगी। इसके साथ ही भव्य ड्रोन शो, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और मशहूर एंकर जतिन सप्रू का संचालन समारोह को यादगार बनाएगा।
आयोजकों ने उद्घाटन समारोह के लिए 4,000 रियायती टिकट जारी किए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये और लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ ऐप के माध्यम से भी उपलब्ध रहेंगे। ये टिकट “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिए जाएंगे।
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि छह टीमों वाली यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि लीग के बाद कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण किया जाएगा, वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द प्रदेश को समर्पित होगा तथा गोरखपुर में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण शुरू हो चुका है।
उन्होंने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला लीग शुरू करने का सुझाव भी दिया। इस पर लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस दिशा में गंभीरता से विचार किया जाएगा।
अपने संबोधन में अवस्थी ने पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता और विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता पैरा तीरंदाज शीतल देवी के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
स्वागत भाषण में डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहली बार यूपी टी-20 लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जहां कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ खेला जाएगा।
समारोह में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्टेडियम के सीएमडी उदय सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

