लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने मंगलवार को प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को राहत देते हुए चार प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की नई तिथियों का ऐलान कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी डॉ. प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि TET, TGT, PGT और असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षाएं अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि हाल ही में योगी सरकार द्वारा 2022 की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के बाद नई समय-सारिणी तैयार की गई है, ताकि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
परीक्षा तिथियां इस प्रकार हैं:
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा: 18 और 19 अप्रैल
PGT भर्ती परीक्षा: 9 और 10 मई
TGT भर्ती परीक्षा: 3 और 4 जून
UP TET परीक्षा: 2, 3 और 4 जुलाई
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि UP TET 2026 का नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाएगा। परीक्षा के विस्तृत कार्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों से संबंधित सूचना अलग से प्रकाशित की जाएगी।
आयोग के अनुसार, परीक्षाओं के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह घोषणा एक बड़ी राहत मानी जा रही है।

