आगरा। उत्तर प्रदेश कला मंच एवं रामा फ़िल्म्स के तत्त्वावधान में आयोजित थिएटर एवं अभिनय कार्यशाला “सफ़र ज़ीरो से किरदार तक” तथा “सफ़र ज़ीरो से किरदार तक 2.0 (स्क्रीन अभिनय कार्यशाला)” का सफल समापन सुरसदन, आगरा में किया गया।
समापन समारोह में समाज सेविका शबाना खंडेलवाल एवं वरिष्ठ रंगकर्मी व अभिनेता मनोज सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अपने इस रचनात्मक सफ़र के अनुभव साझा किए और कार्यशाला के दौरान सीखे गए अभिनय के विभिन्न पहलुओं को समझा।

कार्यशाला के निर्देशक तलत उमरी ने बताया कि यह सफ़र आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा थिएटर और सिनेमा के क्षेत्र में आने वाली नई प्रतिभाओं को भविष्य में भी सही दिशा और मार्गदर्शन दिया जाता रहेगा।कार्यक्रम में राहुल जयकर आर्या, अभिषेक गोस्वामी, आकाश अग्रवाल, अतुल हरसाना, हरिओम शर्मा, मोनित जादौन, अजय विरहा, साध्वी अग्रवाल, वंशिका शर्मा, हर्षिता शर्मा एवं लकी गोयल सहित अनेक कलाकार एवं रंगकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन पायल राजपूत द्वारा किया गया।

यह कार्यशाला उत्तर प्रदेश कला मंच एवं रामा फ़िल्म्स के संयुक्त प्रयास से आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य नवोदित कलाकारों को थिएटर और स्क्रीन अभिनय की बारीकियों से परिचित कराना रहा।

