संवाद – तौफ़ीक़ फारुकी
हनुमान मंदिर के पास नाश्ता कर रहे युवक पर फायरिंग, आरोपी फरार; पुलिस जांच में जुटी
फर्रुखाबाद (कमालगंज)।Farrukhabad के कमालगंज थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक को निशाना बनाकर गोली मार दी गई। वारदात के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम पहाड़िया निवासी शिवा उर्फ शिशुपाल अपने दोस्तों के साथ मोहल्ला गंगा गली स्थित हनुमान मंदिर के पास नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत सीएचसी कमालगंज लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा और थाना प्रभारी ललित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में अमन नाम के युवक पर फायरिंग का आरोप सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
गौरतलब है कि हाल ही में थाना कमालगंज में प्रभारी निरीक्षक का बदलाव हुआ है। नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

