पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने शुक्रवार को अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गठबंधन का CM फेस आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यदि महागठबंधन की सरकार बनेगी तो मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे और अन्य उपमुख्यमंत्री भी पिछड़े समुदाय से बनाए जाएंगे।
अशोक गहलोत ने कहा, “हमारा नेता तेजस्वी यादव हैं। NDA बताएं कि उनका CM फेस कौन होगा। सिर्फ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, कहने से काम नहीं चलेगा।”
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझ पर फिर से भरोसा जताया गया है। इसके लिए सभी का दिल से धन्यवाद। हम 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।”
50 मिनट तक चली जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी, कांग्रेस, VIP समेत 7 दलों के 14 नेताओं ने भाग लिया। सभी नेताओं ने महागठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया और एक-एक करके अपनी बात रखी।

