आगरा। चिकित्सा एवं पैथोलॉजी सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत Kapely, Shenzhen (China) की टीम ने भारत में अपने सहयोगी Ares लैब, नई दिल्ली के साथ नोबल डायग्नोस्टिक सेंटर, आगरा का दौरा किया।

दौरे के दौरान टीम ने नोबल डायग्नोस्टिक सेंटर की अत्याधुनिक लैब सुविधाओं, कार्यप्रणाली एवं जांच प्रक्रियाओं का विस्तृत अवलोकन किया। साथ ही इस बात पर गहन चर्चा हुई कि आधुनिक तकनीक और नवीनतम डायग्नोस्टिक उपकरणों के माध्यम से मरीजों को और अधिक सटीक, तेज एवं विश्वसनीय जांच सेवाएं कैसे उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
बैठक में पैथोलॉजी क्षेत्र में हो रहे वैश्विक तकनीकी विकास, गुणवत्ता मानकों, नई परीक्षण तकनीकों तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनसे भारत में डायग्नोस्टिक सेवाओं को और अधिक उन्नत बनाया जा सके।
डॉ. उपेंद्र सिंह, जो नोबल डायग्नोस्टिक सेंटर, आगरा एवं Ares लैब, नई दिल्ली के संचालक हैं, ने कहा कि उनका उद्देश्य मरीजों को विश्वस्तरीय एवं भरोसेमंद पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ इस प्रकार का तकनीकी सहयोग भविष्य में जांच सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा।
आगरा प्रवास के दौरान Kapely टीम ने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का भी भ्रमण किया। ताजमहल की भव्यता, स्थापत्य कला और अद्भुत सुंदरता को देखकर टीम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक कहा— “वाह ताज!” उन्होंने आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।
नोबल डायग्नोस्टिक सेंटर ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सहयोग और तकनीकी आदान-प्रदान से भारत में पैथोलॉजी सेवाओं को और अधिक आधुनिक, सटीक एवं मरीज-केंद्रित बनाया जा सकेगा।

