जगह-जगह हुआ स्वागत, हिंदू भाइयों ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
आगरा। ईद-ए-मिलादुन्नबी ﷺ (बारावफात) के मुबारक मौके पर आगरा में जुलूस-ए-मोहम्मदी शान-ओ-शौकत और अकीदत के साथ निकाला गया। मदरसा ताजुल उलूम, पक्की सराय, कच्ची सराय, नई आबादी पक्की सराय, नगला मेवाती समेत विभिन्न स्थानों से जुलूस निकाले गए। जुलूस के दौरान नारे तकबीर—अल्लाहु अकबर और मोहम्मद का दामन हम नहीं छोड़ेंगे जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
नई आबादी पक्की सराय से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लिटिल डोली आगरा की अगुवाई में निकला जुलूस शहीद नगर, प्रतापपुरा, लालकिला, दरेसी, घटिया मामू-भांजा, ढाकरान, पंचकुइयां, लोहामंडी और जगदीशपुर होते हुए कदम रसूल नबी साहब पर पहुंचा। मार्ग में कई स्थानों पर भव्य मंच लगाकर जुलूस का स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय उस्मानी मंच के बैनर तले कदम रसूल पर जुलूसों का इस्तकबाल किया गया और लंगर वितरित किया गया। पक्की सराय में मोहम्मद आदिल, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद आरिफ और लिटिल डोली की ओर से कोल्ड ड्रिंक, पेटिस, बिस्किट और कुरकुरे वितरित किए गए।
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा, शीरनी और लंगर के माध्यम से स्वागत किया। इस दौरान हिंदू भाइयों ने भी जुलूस में शामिल होकर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। नीति बाग के इंचार्ज राजकुमार व्यास, अतुल अत्री, शहीद नगर चौकी इंचार्ज सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने जुलूस के मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
इस मौके पर लिटिल डोली ने कहा कि रबीउल-अव्वल इस्लामी महीनों में तीसरा महीना है और इसी मुबारक महीने में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की विलादत हुई। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर घरों में रोशनी की गई, कुरानख्वानी और फातिहा का आयोजन किया गया।
इंसानियत और मदद का संदेश
राष्ट्रीय उस्मानी मंच के सत्तार उस्मानी ने सभी को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना, यतीमों को खाना खिलाना, गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस और किताबों की व्यवस्था करना तथा बीमारों की मदद करना इस्लाम और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं का अहम हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी हमें मोहब्बत, भाईचारे, इंसानियत और एक-दूसरे की मदद करने का संदेश देती है।
इस अवसर पर रिजवान ब्लॉगर, अली शेर अब्बास, गुड्डू मेव, जाकिर कुरैशी, अकील अत्तारी, मोहम्मद आबिद, मोहम्मद नदीम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी और पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे।
