बोले- दूसरे धर्म का सम्मान नहीं करने वाले सच्चे सनातनी नहीं हो सकते, सरकार की जिम्मेदारी है सौहार्द बनाए रखना
लखनऊ। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी कथित अवैध मस्जिद को बुलडोजर से ढहाए जाने के बाद इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग दूसरे धर्मों का सम्मान नहीं करते और दूसरों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं, वे कभी सच्चे सनातनी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि एक सच्चा हिंदू कभी दूसरे का अपमान नहीं कर सकता।
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने सनातन की यही शिक्षा हासिल की है कि सभी का सम्मान किया जाए। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका संदेश है कि पूरा विश्व एक परिवार है।
सपा प्रमुख ने कहा कि सच्चे सनातनी सौहार्द पसंद लोग होते हैं और समाज में भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा विवादों के पीछे राजनीतिक कारण हैं। अखिलेश ने कहा कि “ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि ये लोग भगवान प्रभु श्रीराम के धन में चोरी करते हुए पकड़े गए हैं।”
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के निर्माण को लेकर प्रशासन की कार्रवाई के बाद विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक स्थलों और सरकारी भूमि से जुड़े मुद्दों को केंद्र में ला दिया है।
अब देखना होगा कि प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई किस दिशा में जाती है तथा इस मामले पर राजनीतिक विवाद कितना आगे बढ़ता है।
