एएसआई संरक्षित संपत्ति पर कब्जे की शिकायत, डीएम ने एसडीएम को सौंपी जांच
संभल। शाही जामा मस्जिद प्रकरण के बीच संभल के चौधरी सराय चौराहे पर स्थित बाबा बहाउद्दीन शाह मस्जिद भी अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आ गई है। श्रीकल्कि सेना के राष्ट्रीय संयोजक सुभाष चंद्र त्यागी ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर मस्जिद की भूमि और निर्माण को लेकर जांच की मांग की है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने मामले की जांच एसडीएम विकास चंद्र को सौंप दी है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से संरक्षित हरिहर मंदिर/जामा मस्जिद के नाम से दर्ज संपत्तियों में बड़ा दरवाजा क्षेत्र की गाटा संख्या 170/1 की करीब 1210 वर्ग मीटर और गाटा संख्या 170/3 की करीब 610 वर्ग मीटर भूमि भी शामिल है। आरोप लगाया गया है कि एएसआई संरक्षण के बावजूद इन जमीनों पर करीब 10 से 15 वर्ष पूर्व अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण कर कब्जा किया गया।
शिकायत में मस्जिद के निर्माण और वर्ष 2019 में सीएए-एनआरसी विरोध के दौरान हुई हिंसा का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उस समय मस्जिद से निकली भीड़ ने चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने रोडवेज बस में आग लगाने और पुलिस बल पर हमला करने जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था। हालांकि, इन आरोपों की प्रशासनिक जांच अभी बाकी है।
एसडीएम विकास चंद्र ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और संपत्ति से संबंधित राजस्व एवं अन्य अभिलेख निकलवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और आवश्यकता पड़ने पर जांच के लिए टीम भी गठित की जा सकती है।
वहीं, मस्जिद के मुतवल्ली इरशाद ने शिकायत में लगाए गए आरोपों से अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि बाबा बहाउद्दीन शाह मस्जिद कई सौ वर्ष पुरानी है और वक्फ की जमीन पर बनी हुई है। उनके मुताबिक करीब 10 से 15 वर्ष पहले यहां छोटी मस्जिद मौजूद थी, जिसकी मरम्मत कर उसे बड़ा किया गया था।
गौरतलब है कि संभल की शाही जामा मस्जिद का निर्माण 1526 में मुगल सम्राट बाबर के आदेश पर उसके सेनापति मीर हिंदू बेग द्वारा कराया गया था। जामा मस्जिद के नाम से शहर में कई संपत्तियां दर्ज होने की बात सामने आ रही है, जिन्हें लेकर प्रशासनिक स्तर पर रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर कथित अवैध कब्जों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। इसी क्रम में अब चौधरी सराय चौराहे की बाबा बहाउद्दीन शाह मस्जिद से संबंधित शिकायत भी जांच के दायरे में आ गई है।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के मुताबिक शिकायत पत्र के आधार पर जांच की जिम्मेदारी एसडीएम को दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
