इमरान प्रतापगढ़ी बोले- यही युवा भारत का भविष्य, इनके साहस पर गर्व है
नई दिल्ली। बिहार के सिवान में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से घायल हुए छात्रों बुलेट कुमार गौड़, आकाश यादव और आरिफ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में मुलाकात की। छात्रों को दिल्ली बुलाकर राहुल गांधी ने उनका हाल जाना और उनके साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बताया कि फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के साथ कांग्रेस नेताओं ने सिवान का दौरा किया था, जहां उन्होंने आंदोलन के दौरान घायल हुए पीड़ित छात्रों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी।
इमरान प्रतापगढ़ी के मुताबिक, इसके बाद इन छात्रों को दिल्ली बुलाया गया और उनके साथ रात के खाने पर मुलाकात की गई। इस दौरान बहादुर छात्रों की हौसला अफजाई की गई और उनके संघर्ष के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि ये छात्र देश के युवा हैं और यही युवा भारत का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्रों के साहस और मजबूती को देखकर गर्व होता है कि देश का भविष्य मजबूत हाथों में है।
छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और छात्रों के घायल होने का मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहा है। घायल छात्रों से राहुल गांधी की मुलाकात के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरने का संकेत दिया है।
