17 सितंबर को शासन के आदेश के तहत अवकाश, इसके बावजूद स्कूल खुलने की शिकायतों से मचा हड़कंप
आगरा। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर 17 सितंबर को घोषित अवकाश के बावजूद आगरा में कई निजी स्कूलों के खुले रहने का मामला सामने आया है। स्कूलों के संचालन की शिकायतों के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मामले में खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि शासन के आदेश के अनुसार 17 सितंबर को विद्यालयों में अवकाश है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यदि कोई स्कूल संचालित हो रहा है तो यह शासन के आदेश की अवहेलना है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की ओर से जारी आदेश का सभी विद्यालयों को पालन करना अनिवार्य है। अवकाश के दिन स्कूल खोले जाने की शिकायतों की स्थिति में संबंधित विद्यालय के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
अभिभावकों में नाराजगी
अवकाश के बावजूद बच्चों को विद्यालय बुलाए जाने की सूचना से अभिभावकों में रोष है। अभिभावकों का कहना है कि जब शासन की ओर से स्पष्ट रूप से अवकाश घोषित किया गया है, तो विद्यालयों को उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से ऐसे विद्यालयों की जांच कराने की मांग की है जो अवकाश के दिन भी संचालित हो रहे हैं।
अब देखना होगा कि शासन के आदेश के बावजूद विद्यालय संचालित करने वाले स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है।
Times of Taj | Agra

