18 से 24 सितंबर तक नाम निर्देशन पत्र होंगे प्राप्त, 13 अक्टूबर को होगा मतदान।
15 अक्टूबर को होगी मतगणना।
कासगंज। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अधिसूचना के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) प्रणय सिंह ने जनपद कासगंज की नगर पंचायत सहावर के वार्ड संख्या-04 के रिक्त सदस्य पद के उप निर्वाचन हेतु निर्धारित समय-सारणी जारी की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति 18 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक तहसील सहावर मुख्यालय पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3रू बजे तक की जाएगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थिता वापसी 28 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा प्रतीक आवंटन 29 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य की समाप्ति तक किया जाएगा।
मतदान 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक तथा मतगणना 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक तहसील सहावर मुख्यालय पर संपन्न होगी।
रिटर्निंग अधिकारी द्वारा संबंधित नगरीय निकाय के उप निर्वाचन की सार्वजनिक नोटिस 18 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्रों का विक्रय भी सूचना निर्गत किए जाने के दिन से किया जाएगा। संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उप निर्वाचन से संबंधित कार्यवाही तहसील सहावर मुख्यालय पर संपन्न की जाएगी।
यह उप निर्वाचन उत्तर प्रदेश नगर पालिका (सदस्यों, पार्षदों, अध्यक्षों और महापौरों का निर्वाचन) नियमावली, 2010 के प्रावधानों के अनुसार कराया जाएगा। निर्वाचन अवधि में पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन संबंधी कार्यवाही की जाएगी।
