‘मानस ऋषि पंचमी’ में ऋषि की सिद्धि और मुनि की शुद्धि का रहस्य समझाया, मौन को बताया भीतर उतरने का मार्ग
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में करुणानिधान परिवार की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा के तृतीय दिवस रामनाम, कृष्ण-भक्ति और संतवाणी का ऐसा रस बरसा कि हजारों श्रद्धालु भक्ति में डूब गए। मोरारी बापू ने ‘मानस ऋषि पंचमी’ के प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए ऋषि और मुनि के अंतर को समझाया। उन्होंने कहा कि ऋषि बाहर के ब्रह्मांड की खोज करता है, जबकि मुनि भीतर के ब्रह्मांड में उतरता है। कथा के दौरान मीराबाई के पदों और रामधुन ने वातावरण को भावविभोर कर दिया और कई श्रद्धालुओं की आंखों से भक्ति के आंसू छलक पड़े।
बापू ने मानस से ‘ऋषि’ शब्द उठाते हुए सभी मुनियों को प्रणाम किया और कहा कि दुनिया में जितने भी बड़े वैज्ञानिक हुए—चाहे आइंस्टीन हों, न्यूटन हों अथवा अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले नील आर्मस्ट्रांग—उन्होंने बाहरी जगत और ब्रह्मांड को जानने का प्रयास किया। भारतीय मनीषा ने ऐसे अन्वेषकों को ऋषि-भाव से देखा है। उन्होंने कहा कि परमाणु से लेकर अंतरिक्ष तक की खोज करने वाला बाहरी ब्रह्मांड को जानता है, जबकि मुनि अपने भीतर उतरकर अंतर्जगत की खोज करता है।
काकभुशुंडि जी ने की बाहर और भीतर दोनों यात्राएं
बापू ने रामकथा के परम गायक काकभुशुंडि जी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी यात्रा बाहरी और भीतरी दोनों रही। एक ने ब्रह्मांड को देखा और दूसरे ने अपने भीतर के ब्रह्मांड को जाना। विश्वामित्र जब स्वर्ग की रचना करते हैं तो उनका ऋषि स्वरूप सामने आता है और जब भीतर के दर्शन को जागृत करते हैं तो मुनि भाव प्रकट होता है।
उन्होंने साधकों से मौन का अभ्यास करने का आग्रह किया। कहा कि सप्ताह में कम से कम एक दिन मौन रखना चाहिए। यदि यह संभव न हो तो अपने जन्मदिन पर अपनी आयु के बराबर घंटे मौन धारण करें।
कबीर से मीराबाई तक—ऋषि भी, मुनि भी और साधु भी
श्रद्धालुओं की प्रश्न-पत्रियों का उत्तर देते हुए बापू ने कबीर, गुरु नानक, रामकृष्ण, मीराबाई, नरसी मेहता और तुकाराम जैसे संतों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इनमें ऋषि और मुनि दोनों के गुण दिखाई देते हैं, इसलिए ये संयुक्त रूप से साधु-स्वरूप हैं।
गुरु का चित्र घर में रखने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि गुरु का चित्र आंखों के सामने रहकर प्रेरणा देता है। महाभारत के एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उसने गुरु की मूर्ति के सामने साधना की और अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि चित्र केवल देखने के लिए नहीं, चरित्र धारण करने की प्रेरणा के लिए होना चाहिए।
राम की हर लीला जीवन का चित्रण
बापू ने श्रीराम के जीवन की विभिन्न लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या से लेकर पंचवटी, वनवास, किष्किंधा, रावण युद्ध और रामराज्याभिषेक तक भगवान राम ने अपने जीवन से धर्म और मर्यादा का चित्रण किया। इसी तरह श्रीकृष्ण की लीलाएं ब्रज में प्रेम, भक्ति और समर्पण का संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि सच्चा शिष्य अपने गुरु का बहुत अधिक बखान नहीं करता। सच्चे शिष्य के आचरण से ही गुरु की खुशबू फैलती है।
ऋषियों के पास सिद्धि, मुनियों के पास शुद्धि
बापू ने कहा कि ऋषियों के पास सिद्धियां होती हैं और मुनियों के पास शुद्धि। ऋषि कर्मयोगी होते हैं और समाज के लिए निर्माण करते हैं।
उन्होंने कहा कि कपटपूर्ण साधु-संग से बचना चाहिए। जिसके पास भजन की संपदा नहीं है, वह मुनि नहीं हो सकता। मुनि का मौन भी सार्थक होता है और उसका वचन भी। इसलिए किसी का संग सोच-समझकर करना चाहिए।
जगद्गुरु वल्लभाचार्य के सूत्र का उल्लेख करते हुए बापू ने कहा कि घर के लोग एक-दूसरे के सहायक बनें तो वही सत्संग है। यदि वे स्वयं सत्संग न करें लेकिन आपको रोकें भी नहीं, तो उनके प्रति धन्यवाद का भाव होना चाहिए।
युवाओं के तनाव का उपाय—एकांत में हनुमान चालीसा
युवाओं में बढ़ते तनाव से जुड़े प्रश्न पर बापू ने कहा कि सुबह और शाम कुछ समय एकांत में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करें। हनुमान जी का ध्यान चंचल मन को शांत करता है।
व्यासपीठ के पीछे हनुमान जी का चित्र रखने के कारण पर उन्होंने कहा कि व्यासपीठ की जो भी प्रतिष्ठा है, वह हनुमान जी की है। उन्होंने हनुमान जी को गृहस्थ, ब्रह्मचारी, संन्यासी और वानप्रस्थ—हर अवस्था के लिए आदर्श बताया।
“भोजन कम करो, भजन ज्यादा”
बापू ने श्रद्धालुओं को सरल लेकिन गहरा जीवन सूत्र देते हुए कहा—“भोजन कम करें और भजन ज्यादा करें।” उन्होंने कहा कि भजन केवल धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि मनुष्य को भीतर से बदलने वाली साधना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि जीवन में दुखी मिलने वाले व्यक्ति को गले लगाकर चलें और प्रेम की गंगा बहाते रहें।
मीराबाई के पदों पर छलकीं आंखें
रामकथा के बीच श्रीकृष्ण की धुन और मीराबाई के पदों की गूंज उठी। बापू ने जब मीरा की कृष्णभक्ति का गुणगान किया तो कथा पंडाल में भावनाओं का ज्वार उमड़ पड़ा।
बापू ने कहा कि जो मानस की उपासना करेगा, मानस सदैव उसके समक्ष खड़ा रहेगा। रात को सोने से पहले मानस की कुछ चौपाइयों का पाठ करें और शुभ विचारों के साथ सोएं।
मशीन मशीन है, व्यासपीठ मिशन है
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उल्लेख करते हुए बापू ने कहा कि तकनीक मनुष्य के लिए उपयोगी है, लेकिन यदि तकनीक मन और मस्तिष्क को नुकसान पहुंचाने लगे तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मशीन मशीन होती है, लेकिन व्यासपीठ एक मिशन है—सच्चे मनुष्य बनाने का मिशन।
कथा के दौरान उमाशंकर व्यास, श्री प्रेमनिधि मंदिर के मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आरती उतारी।
