19 सितंबर को होटल श्याम पैलेस में जुटेंगे छात्र-छात्राएं, होटल विक्रम पैलेस में कार्यक्रम का पोस्टर जारी
आगरा। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ का सजीव प्रसारण 19 सितंबर को आगरा में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाम 5 बजे होटल श्याम पैलेस, सेंट जॉन्स चौराहा से लोहामंडी मार्ग पर किया जाएगा।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में छात्रों से संवाद करेंगे। पार्टी की योजना इस संवाद कार्यक्रम को अगले दो वर्षों में देश के 800 शहरों तक पहुंचाने की है।
आगरा में होने वाले लाइव टेलीकास्ट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तथा विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। कार्यक्रम में छात्रों को अपने सवाल और सुझाव रखने का अवसर भी दिया जाएगा।
होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी
कार्यक्रम की जन-जागरूकता के लिए शुक्रवार शाम बाईपास रोड, खंदारी स्थित होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर का विमोचन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव नम्रता दान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्विनी जैन ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नम्रता दान ने कहा कि पेपर लीक, लंबित भर्तियां, बेरोजगारी, फीस वृद्धि और छात्राओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को राहुल गांधी छात्रों के बीच उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के युवाओं और नई पीढ़ी को इस संवाद कार्यक्रम से जोड़ने के उद्देश्य से इसका लाइव प्रसारण यहां किया जा रहा है।
रामनाथ सिकरवार ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी के कारण छात्र और युवा परेशान हैं। उनके अनुसार, युवाओं में नई ऊर्जा पैदा करने के उद्देश्य से राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम कर रहे हैं।
अमित सिंह ने युवाओं से 19 सितंबर की शाम 5 बजे होटल श्याम पैलेस पहुंचने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर छात्रों और नौजवानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए।
कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ताहिर हुसैन, प्रदेश सचिव सलमान कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे, शहर उपाध्यक्ष बुरहान शमसी, दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनुज शर्मा, सतेंद्र मुद्गल, लखन सिकरवार, राहुल रावत, जगदीश जाटव और सोनू चाहर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
