संवाद – अज़मत अली
बाराबंकी में बेसिक शिक्षा परिषद की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन, एकल नृत्य में विशुनपुर ने हासिल किया पहला स्थान
बाराबंकी। देवा मेला-2026 के अंतर्गत देवा मेला ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा परिषद के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूह गान और एकल नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोक संस्कृति, नारी सशक्तीकरण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न रंग प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बंकी की छात्राओं ने ‘कोमल है कमजोर नहीं, शक्ति का नाम ही नारी है’ समूह गान प्रस्तुत कर नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पनिहाल, हरख की छात्राओं ने लोकगीत ‘कोयल बिन बगिया न सोहे राजा, भाई-भतीज बिन नैहर न सोहे’ प्रस्तुत किया। वहीं, कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, सिद्धौर की छात्राओं ने ‘आलि आलि आलि’ गीत के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

समूह गान प्रतियोगिता में बंकी की छात्राओं ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
समूह गान प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बंकी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पनिहाल, हरख की टीम दूसरे और कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, सिद्धौर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
एकल नृत्य प्रतियोगिता में विशुनपुर अव्वल
एकल नृत्य प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर, विकासखंड फतेहपुर ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, विकासखंड सिद्धौर की टीम दूसरे और प्राथमिक विद्यालय माधवपुर, विकासखंड देवा की टीम तीसरे स्थान पर रही।

खंड शिक्षा अधिकारी ने विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को खंड शिक्षा अधिकारी देवा अम्बिका प्रसाद ओझा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में एसआरजी अवधेश पाण्डेय, दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी, विपिन कुमार, दिवाकर अवस्थी गांधी, सम्पन्न कुमार निगम, शिखा निगम सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Times of Taj डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। किसी तथ्य में सुधार या स्पष्टीकरण के लिए संबंधित आयोजकों से संपर्क किया जा सकता है।
