आगरा। मरकज़ी रूयत-ए-हिलाल कमेटी जामा मस्जिद आगरा ने ऐलान किया है कि आज 29 शाबानुल मुअज्ज़म 1447 हिजरी, मुताबिक 18 फ़रवरी 2026 को रमज़ान मुबारक का चांद दिखाई दे गया है। इस ऐलान के साथ ही माह-ए-रमज़ान 1447 हिजरी का आग़ाज़ हो गया है।कमेटी के मुताबिक पहला रोज़ा 19 फ़रवरी 2026, बृहस्पतिवार को रखा जाएगा, इंशाअल्लाह। चांद नज़र आने की खबर के बाद शहर की मस्जिदों और मुस्लिम इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी और इबादत की तैयारियां शुरू कर दीं।
कमेटी ने तमाम मुसलमानों से अपील की है कि इस मुक़द्दस महीने में रोज़ा, नमाज़, तरावीह, तिलावत-ए-क़ुरआन और ज़्यादा से ज़्यादा नेक अमल का एहतमाम करें। साथ ही गरीबों और जरूरतमंदों की मदद, ज़कात व सदक़ा देने और आपसी भाईचारे को मज़बूत करने का पैग़ाम भी दिया गया।रमज़ान का महीना रहमत, बरकत और मग़फिरत का महीना माना जाता है। आगरा शहर में रमज़ान को लेकर रौनक बढ़ने लगी है और बाज़ारों में भी खास चहल-पहल देखी जा रही है।

