फर्रुखाबाद। शहर में शुक्रवार को रमजान का चौथा जुमा “अलविदा जुमा” अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी।
अलविदा जुमा के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासन से मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, बिजली और पानी की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भी अनुरोध किया गया।
धार्मिक नेताओं के अनुसार, यदि 19 मार्च को चांद दिखाई देता तो 20 मार्च को ईद मनाई जाती, लेकिन चांद नजर न आने के कारण 20 मार्च को रमजान का 30वां रोजा पूरा हुआ और इसी दिन अलविदा जुमा मनाया गया। अब ईद-उल-फितर का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा।
मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने बताया कि शिया धर्मगुरु इमाम-ए-जुमा लखनऊ मौलाना सैयद कल्बे जव्वाद से पुष्टि के बाद अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। गढ़ीकोना हुसैनीया मस्जिद में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने जुहर और असर की नमाज अदा कराई। वहीं सुनहरी मस्जिद में इमाम-ए-जुमा मोहम्मद अब्बास ने नमाज पढ़ाई। शहर जामा मस्जिद में इमाम मुफ्ती मोअज्जम अली और रकाबगंज तिराहा स्थित मस्जिद जान अली खां में सैय्यद हारून अली ने नमाज अदा कराई। इसके अलावा एक मीनार मस्जिद, बीबी साहिबा मस्जिद, आम वाली मस्जिद, अंगूरी मस्जिद, बारह खां मस्जिद, शीश महल मस्जिद और अंजुमन मस्जिद सहित शहर की कई मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की।
शहर काजी सैय्यद मुताहिर अली ने बताया कि अलविदा जुमा की नमाज मस्जिदों के अंदर ही अदा की गई और सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी गई। उन्होंने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान ही ईद की नमाज के समय की घोषणा भी की जाएगी।
रमजान की आखिरी दस रातों में शब-ए-कद्र की इबादत का विशेष महत्व होता है। कारी फसीह मुजीब ने बताया कि इन रातों में नवाफिल नमाज, कुरआन-ए-पाक की तिलावत और दुआओं का खास एहतमाम करना चाहिए। अल्लाह से गुनाहों की माफी और जहन्नुम से निजात की दुआ मांगी जाती है। मस्जिदों में एतिकाफ में बैठे लोग पूरी तरह रूहानी इबादत में मशगूल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, नगर पालिका परिषद के ईओ विनोद कुमार, शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोनकी, थाना प्रभारी अजब सिंह, बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार, एसआई पंकज कुमार और एसआई अमित गुप्ता सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।

