आगरा, ताजमहल पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए “ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” अभियान एक भरोसेमंद पहल साबित हो रहा है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति के तहत पर्यटकों को सुरक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का विशेष अनुभव मिल रहा है।

ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर पुलिस कमिश्नर, आगरा के निर्देशन में ताज सुरक्षा की त्वरित प्रतिक्रिया टीम द्वारा बाहर से आए पर्यटकों—विशेषकर पी.एम. श्री स्कूल अमृतसर और बेंगलुरु से आए छात्र-छात्राओं एवं महिला पर्यटकों—का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस दौरान “मिशन शक्ति फेस-5” के अंतर्गत छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया गया। साथ ही उन्हें आत्मरक्षा, जागरूकता और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए अपराधों के प्रति सचेत रहने की सलाह दी।
पर्यटकों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें—
- 1090 (वीमेन पावर हेल्पलाइन)
- 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)
- 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा)
- 108 (एंबुलेंस सेवा)
- 102 (गर्भवती महिलाओं व शिशु हेतु)
- 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन)
- 1930 (साइबर हेल्पलाइन)
इसके अलावा महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला साइबर सेल और सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान योजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस सराहनीय पहल में पुलिस टीम के उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी रीतू की सक्रिय भूमिका रही।
“ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” न केवल पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि उन्हें भारत की समृद्ध संस्कृति, सम्मान और मेहमाननवाजी का जीवंत अनुभव भी प्रदान कर रहा है।

