आगरा। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिरोजाबाद के पूर्व सांसद प्रत्याशी एवं नेता मिर्ज़ा मुकर्रम बेग ने एक पत्र जारी कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं आगरा में एक अलग मामले में 5 माह के मासूम की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आगरा के शहीद नगर क्षेत्र में एक अन्य घटना में सलमान नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उनके 5 माह के पुत्र होरान की मौत इलाज के दौरान लापरवाही से हुई। परिजनों के अनुसार बच्चे को डॉक्टर के यहां भर्ती कराया गया था, जहां खून की कमी बताकर ब्लड चढ़ाया गया, लेकिन बाद में बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही, दुर्व्यवहार और इलाज में चूक के आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें अस्पताल से बाहर कर दिया गया। बाद में थाना ताजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां भी कार्रवाई नहीं हुई।
दोनों मामलों में परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं चिकित्सा व्यवस्था की कमियों को उजागर करती हैं।
फिलहाल मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। प्रशासन पर अब इन मामलों में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है।

