आगरा | ताजनगरी आगरा में एक बार फिर ईमानदारी की मिसाल देखने को मिली, जब ताज सुरक्षा पुलिस ने महज 30 मिनट के भीतर केरल से आए एक पर्यटक का खोया हुआ पर्स खोजकर उसे सुरक्षित वापस लौटा दिया। इस सराहनीय कार्य से न केवल पुलिस की तत्परता सामने आई, बल्कि शहर की सकारात्मक छवि भी मजबूत हुई।
जानकारी के अनुसार, केरल से Taj Mahal देखने आए पर्यटक मोहम्मद रिशान का पर्स कहीं गिर गया था, जिसमें 6050 रुपए नकद और जरूरी कागजात मौजूद थे। यह पर्स नीम तिराहा के पास पर्यटक गाइड इरशाद को मिला।
गाइड इरशाद ने ईमानदारी का परिचय देते हुए तुरंत पश्चिमी गेट स्थित थाना ताज सुरक्षा की क्विक रिस्पॉन्स टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम के प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल ने सक्रियता दिखाते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट संदेशों के जरिए पर्यटक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की तेज कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि मात्र 30 मिनट के भीतर ही पर्यटक मोहम्मद रिशान को ढूंढकर उनका पर्स, जिसमें पूरे 6050 रुपए और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित थे, उन्हें सौंप दिया गया।
अपना पर्स वापस पाकर पर्यटक के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल के साथ आरक्षी आशु और महिला आरक्षी रीतू की भी अहम भूमिका रही।
#AgraPolice #Honesty #TajSecurity #GoodWork #TouristSafety #TajMahal #UPPolice #PositiveNews #TimesOfTaj

