आगरा, 16 अगस्त। पंचकुइयाँ चौराहा स्थित होटल कल्याण में रविवार को कांग्रेस के एक सप्ताह तक चलने वाले ‘संगठन सृजन अभियान’ की विधिवत शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन भरतपुर, राजस्थान से कांग्रेस सांसद एवं आगरा की राष्ट्रीय ऑब्जर्वर संजना जाटव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अभियान के तहत वह आगरा की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सांसद संजना जाटव ने जिला कांग्रेस कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए आए आवेदन
संगठन में नए नेतृत्व और ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से बैठक के दौरान आवेदन प्रक्रिया भी आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ एवं सक्रिय पदाधिकारियों ने अपने आवेदन राष्ट्रीय ऑब्जर्वर संजना जाटव को सौंपे।
आवेदन जमा करने के दौरान दावेदारों और पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर अपने विचार रखे।

बूथ स्तर पर मजबूत होगा संगठन: संजना जाटव
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद संजना जाटव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ स्तर के ढांचे में होती है। ‘संगठन सृजन अभियान’ का उद्देश्य मेहनती कार्यकर्ताओं को आगे लाना और पार्टी संगठन को प्रत्येक वार्ड एवं गांव तक मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि आगरा में कार्यकर्ताओं का उत्साह और अनुशासन यह संकेत दे रहा है कि कांग्रेस आने वाले समय में नई ऊर्जा के साथ जनता के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
होटल कल्याण से शुरू हुआ यह अभियान पूरे एक सप्ताह तक आगरा जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा। इस दौरान विभिन्न फ्रंटल संगठनों, ब्लॉक प्रभारियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों के साथ चरणबद्ध बैठकें आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन और सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया जाएगा।
बैठक के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पीसीसी ऑब्जर्वर प्रदीप माथुर, ओमवीर यादव, महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, बुरहान शमशी, याकूब शेख, अनुज शर्मा, मुकेश डागुर, नम्रता दान, ताहिर हुसैन, लक्ष्मीनारायण सिंह, राघवेंद्र सिंह मीनू, अरुण शर्मा, कपिल गौतम, मधुरिमा शर्मा, गीता सिंह, रश्मि सिंह, दीपक शर्मा, मनोज जैन बोहरा, सुगम शिवहरे, विष्णु शर्मा, अज़हर वारसी, धर्मवीर शर्मा, नरेंद्र शर्मा, राहुल रावत, शाहिद खान, दिलीप वर्मा, सलमान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
