आगरा। Sarojini Naidu Medical College के अस्थि रोग विभाग में पहली बार आधुनिक तकनीक “Anterior Hip Approach” के माध्यम से कूल्हे का अर्ध प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल एवं उनकी टीम ने 65 और 70 वर्ष आयु के दो बुजुर्ग मरीजों का सफल ऑपरेशन कर नई उपलब्धि हासिल की।

अस्थि रोग विशेषज्ञ Dr. Amrit Goyal ने बताया कि “Anterior Hip Approach” एक आधुनिक एवं न्यूनतम चीरा (MIS – Minimal Invasive Surgery) आधारित तकनीक है, जिसमें मांसपेशियों को कम क्षति पहुंचाते हुए कूल्हे का प्रत्यारोपण किया जाता है। इस तकनीक से ऑपरेशन के बाद मरीजों को कम दर्द होता है, वे जल्दी चलने-फिरने लगते हैं तथा उनकी रिकवरी भी अपेक्षाकृत तेज होती है। साथ ही कूल्हे के डिसलोकेशन का खतरा भी काफी कम रहता है।
उन्होंने बताया कि यह तकनीक विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि कूल्हे में फ्रैक्चर के बाद शीघ्र पुनर्वास और सामान्य दिनचर्या में वापसी बेहद जरूरी होती है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य Dr. Prashant Gupta ने कहा कि मेडिकल कॉलेज लगातार आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को अपनाकर मरीजों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक तकनीकों से मरीजों को त्वरित लाभ मिलने के साथ उनकी जीवन गुणवत्ता में भी सुधार होता है।

