आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर माधवी अग्र महिला मंडल द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा श्री राम मंदिर, जयपुर हाउस से प्रारंभ होकर कथा स्थल अग्रसेन भवन, लोहा मंडी तक पहुंची। यात्रा का शुभारंभ डॉ. सुधा बंसल, बीडी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, शकुन बंसल, राकेश गर्ग ने किया। कलश यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत हुआ।

पीले परिधानों में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव के साथ पदयात्रा निकाली। भजन-कीर्तन और जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
संस्था अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल ने बताया कि 30 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भगवान नाम संकीर्तन एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के विभिन्न प्रसंगों का रसपान कथा व्यास नीरज नयन महाराज कराएंगे।
कलश यात्रा के उपरांत कथा के प्रथम दिवस कथा व्यास नीरज नयन महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण का महात्म्य बताते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार की ओर प्रेरित करती है। उन्होंने राजा परीक्षित के प्रसंग का वर्णन करते हुए भागवत श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला।
कथा के परीक्षित रघुवीर सहाय जैन एवं आभा जैन हैं।
कार्यक्रम में सचिव ऊषा बंसल, रजनी, श्वेता गोयल, रीना गोयल, रेनू अग्रवाल, नीलम मित्तल, संगीता, शिल्पी, कुसुम गर्ग, निर्मल, आशी अग्रवाल, पायल आदि उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन लोहा मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में माधवी अग्र महिला मंडल द्वारा आयोजित होने जा रही श्री मद्भागवत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में शामिल महिलाएं।

