मथुरा। मथुरा पुलिस ने एक ऐसे कथित स्वयंभू बाबा को गिरफ्तार किया है, जिस पर युवतियों का ब्रेनवॉश कर उनका यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास के रूप में हुई है, जो आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग का छात्र रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन प्रवचन और धार्मिक गतिविधियों की आड़ में युवतियों को अपने प्रभाव में लेता था। छत्तीसगढ़ की एक पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मथुरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितनी युवतियां उसकी कथित साजिश का शिकार हुई हैं।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद बना कथावाचक
जानकारी के अनुसार, ओडिशा निवासी अभिषेक मिश्रा ने वर्ष 2017 से 2021 के बीच आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। बाद में उसने स्वयं को “आदिकर्ता नारायण दास” के नाम से प्रचारित करना शुरू कर दिया और मथुरा के राधाकुंज क्षेत्र में रहकर धार्मिक प्रवचन देने लगा।
सोशल मीडिया के जरिए बनाता था प्रभाव
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने “राधा कृपा अमृता” नाम से एक यूट्यूब चैनल बना रखा था, जहां वह हिंदी और अंग्रेजी में धार्मिक प्रवचन अपलोड करता था। इसी माध्यम से वह युवतियों से संपर्क स्थापित करता और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में लेने का प्रयास करता था। बताया जा रहा है कि उसने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी अपनी सक्रिय उपस्थिति बना रखी थी।
गंधर्व विवाह का झांसा, फिर शोषण
आरोप है कि आरोपी युवतियों को गंधर्व विवाह का हवाला देकर अपने साथ रहने के लिए प्रेरित करता था। इसके बाद कथित रूप से उन्हें नशीला पदार्थ मिलाकर प्रसाद या दूध दिया जाता और फिर उनका यौन शोषण कर वीडियो बनाए जाते थे। इन वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उन्हें तथा उनके परिजनों को ब्लैकमेल करने के आरोप भी सामने आए हैं।
कई युवतियों के शोषण की आशंका
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कई तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कितनी युवतियां उसके संपर्क में थीं और कितनों को उसने अपना शिकार बनाया।
परिजनों से भी करता था धन उगाही
मथुरा पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथ रहने वाले युवक-युवतियों के परिजनों से आर्थिक लाभ लेने का भी प्रयास करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह आसपास की युवतियों को भी अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता रहता था।
रेप का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि अन्य पीड़िताएं सामने आती हैं तो उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के प्रभाव में आने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

