आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, 25 सैया नगर, आगरा परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जामुन का पौधा रोपा गया।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुसुम बाला एवं डॉ. विनोद कुमार ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।
पौधारोपण कार्यक्रम में कृतिका सारस्वत, लोकेन्द्र शर्मा, सवाई सिंह, राकेश कुमार सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि मां के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना को भी सशक्त करता है। कार्यक्रम का समापन पौधों की नियमित देखभाल और हरित वातावरण के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

