आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav 14 जून को आगरा में आयोजित होने वाले ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में छोटे कारोबारियों की समस्याएं सुनेंगे। होटल ITC Mughal में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “छोटा कारोबारी-कारोबार: क्यों हो रहा बर्बाद” रखा गया है।
कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जहां वे अपने व्यापार से संबंधित चुनौतियों और समस्याओं को सीधे पार्टी नेतृत्व के सामने रख सकेंगे। इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता Prof. Abhishek Mishra भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 37 सीटें जीतने के बाद समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं और जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार कार्यक्रम एवं प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगरा में आयोजित यह कार्यक्रम छोटे व्यापारियों और एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं को केंद्र में रखकर आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से सपा व्यापारिक वर्ग से संवाद मजबूत करने का प्रयास करेगी।

