आगरा। परम पूज्य उत्तराम्नाय ज्योतिर्मठाधीश्वर एवं जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ महाराज द्वारा संचालित 81 दिवसीय गविष्ठि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा के अंतर्गत सोमवार को सिकंदरा योजना स्थित सेंट्रल पार्क, आवास विकास कॉलोनी में भव्य स्वागत एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गो-भक्तों, संत-महात्माओं, समाजसेवियों, शिक्षकों, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने कहा कि गौ-संरक्षण भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि गौ-रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के व्यापक हितों से जुड़ा जनआंदोलन है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित मुस्लिम प्रतिनिधियों ने गाय को “राष्ट्रमाता” घोषित किए जाने की मांग के समर्थन में पोस्टर प्रदर्शित कर सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस पहल का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला सकारात्मक प्रयास बताया।
वक्ताओं ने कहा कि गविष्ठि यात्रा का उद्देश्य समाज में गौ-संवर्धन, गौ-रक्षा, सनातन सांस्कृतिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूकता पैदा करना है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गौ-संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचीन कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरी महाराज, महंत सुभाष गिरी महाराज, केशव गिरी महाराज, प्राचीन रावली मंदिर के महंत अभिषेक कृष्ण पाराशर, प्राचीन भैरव मंदिर के पुजारी पम्मी बाबा, राहुल चतुर्वेदी, संजय यादव, अमित जादौन, कुलदीप यादव, लंकेश दीपक सारस्वत, नकुल सारस्वत, गब्बर राजपूत, मयंक उपाध्याय, कशिश उपाध्याय, सैफ अली अब्बास, सलमान कुरेशी, जीशान कुरैशी, रिजवान खान, अंसार, शाहिद खान, इरफान अब्बास, अरमान, सतीश यादव, विधायक शर्मा, शेखर उपाध्याय, हर्ष उपाध्याय, पंकज शर्मा, अरुण, अनिल, संदीप यादव एवं राजेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गो-सेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है तथा गविष्ठि यात्रा समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा प्रदान कर रही है।

