आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर क्षतिग्रस्त सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर गुरुवार सुबह हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बैठ गए तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर “सड़क ध्वस्त, अधिकारी मस्त, जनता पस्त” जैसे नारे लिखे थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क की बदहाल स्थिति यात्रियों और पर्यटकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।
हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष ने कहा कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन शहर का मुख्य प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक पहुंचते हैं। इसके बावजूद स्टेशन के बाहर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
मीरा राठौर ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि ताजमहल देखने आने वाले पर्यटक यहां की सड़क देखकर पहले अस्पताल पहुंच सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से जोखिम भरा साबित हो सकता है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शताब्दी एक्सप्रेस से उतरने वाले यात्रियों और पर्यटकों को गड्ढों से बचाते हुए सुरक्षित रास्ते से निकलवाया। सड़क पर प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी तथा थाना सदर बाजार पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और नगर निगम अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।
हिंदू महासभा ने जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और गड्ढों को भरवाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में निशा ठाकुर, बंटी देवी, मनीष पंडित, महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार, विपिन राठौर, नितेश भारद्वाज, बबलू निषाद, केशव कुशवाह सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

