अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ, भजनों की मधुर रसधारा पर देर रात तक झूमते रहे भक्त
श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति ने किया श्याम बाबा की मासिक भक्ति सेवा का आयोजन
आगरा। जहां श्याम नाम का संकीर्तन होता है, वहां स्वयं बाबा अपने भक्तों के बीच विराजमान होकर उनकी नैया पार लगाते हैं।
इसी भाव के साथ श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति द्वारा गुरुवार को बल्केश्वर स्थित गंगे गौरी पार्क में नौका विहार महोत्सव एवं श्री श्याम अरदास संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नौका विहार पर अलौकिक श्रृंगार से सुसज्जित खाटू श्याम बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। संपूर्ण परिसर “हारे के सहारे श्याम हमारे” और “जय श्री श्याम” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष नीरज गुप्ता एवं उपाध्यक्ष विष्णु खंडेलवाल द्वारा बाबा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना के साथ भव्य संकीर्तन आरंभ हुआ। संगीतमय भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण निर्मित किया कि श्रद्धालु स्वयं को नृत्य और भक्ति में डूबने से रोक नहीं सके।
भजन गायक त्रिलोकी शर्मा ने “खाटू श्याम जिसकी नैया श्याम भरोसे”, “थक सा गया हूं मैं बाबा” एवं “हम हैं श्याम के प्यारे” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं यश सिंघल ने “तेरी जय हो खाटू वाले तेरी महिमा अपरंपार” और “आओ श्याम मेरे दरबार” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
झारखंड से पधारे भजन गायक अनुभव अग्रवाल ने “तेरी रहमतों का दरिया सरेआम चल रहा है”, “आयो सांवरिया सरकार” तथा “श्याम दिखता नहीं पर वो मौजूद है” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। वहीं भरतपुर से आए नरेश खत्री ने “जब भी श्याम दीवानों के सिर पर संकट मंडराएगा, कन्हैया दौड़ आएगा” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं में विश्वास और भक्ति का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान नौका विहार पर विराजित श्याम बाबा का मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। भजनों के बीच भक्तों ने नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की और बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की सेवा भी की गई।
कार्यक्रम के समापन पर आशु गोयल एवं राजीव अग्रवाल ने श्याम बाबा की मंगल आरती उतारी तथा सभी भक्तों ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में दीपांशु खंडेलवाल, सौनेन्द चौहान, प्रांशु अग्रवाल, अमित गोयल, हर्ष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, रवि गुप्ता, मनोज टेंट वाले, मनोज सैनी आदि उपस्थित रहे।
गंगा दशहरा पर होगी हरिद्वार यात्रा
अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने जानकारी दी कि श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति द्वारा संचालित मासिक निःशुल्क बस सेवा के अंतर्गत इस बार 27 जून को गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं को हरिद्वार गंगा स्नान के लिए ले जाया जाएगा।

