खिचड़ी उत्सव मनोरथ में उमड़ा वैष्णव श्रद्धा का सैलाब
पुरुषोत्तम मास में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज को अर्पित की गई शाही खिचड़ी, दर्शनार्थ उमड़ा वैष्णव समाज
आगरा। कटरा हाथी शाह, नाई की मंडी स्थित ऐतिहासिक एवं पुष्टिमार्गीय परंपरा के सुप्रसिद्ध श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को खिचड़ी उत्सव मनोरथ श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को विशेष श्रृंगार के साथ विराजमान कर शाही खिचड़ी का अलौकिक राजभोग अर्पित किया गया। प्रभु के दर्शनों के लिए प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ती रही।
मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्गीय सेवा पद्धति में खिचड़ी उत्सव का विशेष महत्व है। यद्यपि यह उत्सव मूलतः शीतकालीन सेवाओं से जुड़ा है, किंतु पुरुषोत्तम मास में ठाकुर जी को सुख प्रदान करने के भाव से वर्षभर के प्रमुख उत्सवों का आयोजन मनोरथ स्वरूप किया जाता है। खिचड़ी उत्सव जीव और प्रभु के मधुर, सहज एवं निष्कपट प्रेम का प्रतीक माना जाता है।
सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि इस अवसर पर ठाकुर जी को विशेष वस्त्र एवं दिव्य आभूषणों से अलंकृत किया गया। राजभोग में शुद्ध घी, काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश और केसर से निर्मित विशेष शाही खिचड़ी अर्पित की गई। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के शाक, कढ़ी, मूंग दाल के बड़े, पापड़, नवीन आचार एवं अन्य पुष्टिमार्गीय सामग्रियां भी निवेदित की गईं।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि 17 मई से प्रारंभ हुआ यह दिव्य मनोरथ महोत्सव अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और आगामी 15 जून को इसका समापन होगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा, पेयजल एवं सुगम दर्शन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
आज के खिचड़ी उत्सव मनोरथ के मुख्य चरण सेवक अशोक कुमार प्रजापति रहे।
इस अवसर पर दीपक प्रजापति, मानवेंद्र सिंह, सचेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, आदित्य, रानू, सागर, विशाल, गिरधारी, राहुल, हर्षुल आदि उपस्थित रहे। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं में खिचड़ी एवं अन्य प्रसादी का वितरण किया गया।

