मोदी-योगी सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों पर हुई विस्तृत चर्चा
आगरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के एल.टी.-4 सभागार में “12 साल के विश्वास, विकास और जनकल्याण” विषय पर प्रबुद्ध जन संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा कैंट विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के अंतर्गत एस.एन. मेडिकल कॉलेज को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। आज यहां ओपन हार्ट बाईपास सर्जरी जैसी जटिल चिकित्सा सेवाएं सफलतापूर्वक उपलब्ध हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर उपचार मिल रहा है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज में हुए सकारात्मक बदलावों और मरीजों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, नए इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां गिनाईं
केंद्रीय मंत्री एवं सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अपने संबोधन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नेशनल हेल्थ मिशन, ई-संजीवनी और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में केवल 7 एम्स थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है। देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़कर लगभग 780 तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 40 हजार क्लेम निस्तारित किए जा रहे हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड के माध्यम से आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान की जा रही है। साथ ही आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार
संगोष्ठी में बताया गया कि देश में मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) में उल्लेखनीय कमी आई है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा करोड़ों महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है तथा महिला कैंसर वैक्सीनेशन अभियान भी प्रारंभ किया गया है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि देश में 42 करोड़ से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है, जबकि आवश्यक दवाओं के दाम कम किए जाने से आम जनता को राहत मिली है।
संगोष्ठी में डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. पूरन डाबर, डॉ. पंकज सहित शहर के अनेक प्रबुद्धजन, वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

