प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में रचे नए कीर्तिमान : दानिश आज़ाद अंसारी
ललितपुर, । केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ललितपुर जनपद में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है तथा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक प्रभावी योजनाएं संचालित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। इन योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
राज्य मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, डिजिटल इंडिया अभियान और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने देश को नई दिशा प्रदान की है। आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और जनविश्वास के 12 वर्ष हैं। इन वर्षों में पारदर्शी प्रशासन, जनभागीदारी और विकास को प्राथमिकता देते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
प्रेसवार्ता के दौरान दानिश आज़ाद अंसारी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास यात्रा में सहभागी बने।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

